नई दिल्ली। देशभर में जहां राजनेताओं द्वारा अपने-अपने दल छोड़कर लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की आपाधापी मची हुई है वही पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने पूर्व सांसद बेटे की राह पर चलते हुए भगवा चोला उतार कर बीजेपी से त्यागपत्र देने का ऐलान किया है।
सोमवार को हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर विपक्षी दल कांग्रेस का हाथ थामने वाले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के बाद अब उनके पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भी भगवा चोला उतारते हुए भाजपा से त्यागपत्र देने का ऐलान किया है। हरियाणा में होने वाले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित की गई प्रेस वार्ता में मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने दावा किया है कि जब वह कांग्रेस में शामिल होंगे तो उनके साथ हरियाणा सरकार के दो मौजूदा विधायक भी सरकार का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे।
लेकिन यह विधायक कौन है? इस बारे में पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह ने बताने से इनकार कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी छोड़ने का ऐलान करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा है कि उनके कांग्रेस में शामिल होने की तिथि और स्थान की बाबत पार्टी आला कमान द्वारा जानकारी दी जाएगी। जननायक जनता पार्टी के ऊपर निशाना साधते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी जिसे चाहेगी उसे ही जननायक जनता पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया जाएगा।
चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी पूरी तैयारी के साथ न केवल लोकसभा बल्कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव भी लड़ेगी। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस दोनों ही चुनाव में भाजपा को हराने में कामयाब होगी।