मथुरा। घर के अंदर से पति-पत्नी व 10 वर्षीय बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना जब पड़ौसियों ने पुलिस को दी, तो महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। प्रथम दृष्टया गृह क्लेश के चलते आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
मथुरा के फरह थाना के शाही सराय मौहल्ले में नीरज गोयल अपने परिवार के साथ रहता था। नीरज की यह पहली शादी थी, जबकि जिस महिला ने नीरज से शादी की थी, वह उसका तीसरा विवाह था। उनका दस साल का लड़का भी था। आज जब काफी देर तक दम्पत्ति अपने घर से बाहर नहीं आया, तो पड़ौसियों को कुछ शक हुआ। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तो अंदर का दृश्य देखकर हक्का-बक्का रह गई। नीरज गोयल का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। वहीं नीरज की पत्नी व लड़के का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि गृह कलह के चलते आत्महत्या की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही खुलासा हो पायेगा कि मामला वास्तव में आत्महत्या का है या फिर किसी षड्यंत्र के तहत हत्या की गई है।