D-11 गैंग के माफिया पर बड़ी कार्रवाई- ढाई करोड़ की सम्पत्ति कुर्क
पुलिस प्रशासन ने माफिया कुंटू सिंह की लगभग ढाई करोड़ रुपये की सम्पत्ति को मुनादी कराकर कुर्क कर लिया
आजमगढ़। पुलिस प्रशासन ने डी-11 गैंग के माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन ने माफिया कुंटू सिंह की लगभग ढाई करोड़ रुपये की सम्पत्ति को मुनादी कराकर कुर्क कर लिया। पुलिस अधीक्षक भी इस दौरान मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार पूर्व ब्लाॅक व हिस्ट्रीशीटर अजीत सिंह की हत्या में माफिया कुंटू सिंह का नाम सामने आया था। पुलिस प्रशासन का उस पर लगातार शिकंजा कस रहा है। उसके द्वारा अवैध तरह से कई स्थानों पर बनाए गये मकानों, भूमि व अवैध कब्जों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत आज पुलिस प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स आज सराय थाना क्षेत्र के बेलइसा चौराहे पर पहुंचा। यहां पर पुलिस की ओर से 450 स्क्वायर फीट भूमि को कुर्क कराने के लिए मुनादी कराई गई और कुर्की नोटिस चस्पा कर दिया गया। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माफिया कुंटू सिंह की करीब 6 बिस्वा जमीन पर रोड के सामने बनी दुकानों को कुर्क किया जा चुका था। दुकान के पीछे करीब 450 स्क्वायर फीट भूमि को भी कुर्क कर दिया गया है। जिसकी वर्तमान कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए है। इसकी मुनादी इसलिए कराई गयी है कि कोई इस भूमि को खरीदने का प्रयास न करे। उन्होंने बताया कि माफियाओं के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।