भाईचारा कायम रहना चाहिए इसके लिए उत्तर प्रदेश की जनता को सजग रहना चाहिए :अखिलेश यादव

राज्यपाल का भी बयान कि कासगंज की घटना कलंक है, सच्चाई के बेहद नज़दीक है।

Update: 2018-01-30 02:11 GMT
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव  राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हालात सरकार के नियंत्रण से बाहर हो गये है। दंगा, लूट, अराजकता से आम जनजीवन त्रस्त हो गया है। कासगंज की घटना से भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।  राज्यपाल का भी बयान कि कासगंज की घटना कलंक है, सच्चाई के बेहद नज़दीक है। राज्यपाल महोदय ने पिछले सप्ताह समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल से भी मुलाकात में इस बात को दोहराया था कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। सरकार का यह प्राथमिक संवैधानिक उत्तर दायित्व है कि कानून के राज में जन का विश्वास हो। 
     राजेन्द्र  चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के धार्मिक उन्माद और जातीय वैमनस्य को प्रोत्साहन देने की साजिश ही कासगंज की घटना है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिये काला धब्बा है। भाजपा की राजनीति इसी तरह के बंटवारे की रही है। उसी का नतीजा है कि लोग मारे जा रहे है। जनजीवन अस्तव्यस्त है, जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं है। प्रेस की आजादी पर भी हमला किया जा रहा है। प्रेस के प्रतिनिधियों को धमकाया जा रहा है।
        मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव ने बार बार कहा है कि भाईचारा कायम रहना चाहिए। इसके लिए उत्तर प्रदेश की जनता को सजग रहना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री जी ने यह मांग की है कि जाति-धर्म के आधार पर एवं रागद्वेष से प्रेरित कार्यवाही न हो, जनजीवन सामान्य करने का तत्काल प्रयास किया जाए, दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने के साथ निर्दोषों को विश्वास में लेकर मेल मिलाप बढ़ाते हुये सामाजिक सौहार्द कायम किया जाना चाहिए। किसी के साथ अन्याय न हो, पीड़ित परिवारों को सरकार मदद करे। सद्भाव बिगाड़ने वालों पर सख्ती से कार्यवाही हो। 

Similar News