उप मुख्यमंत्री ने लखनऊ मेट्रो रेल सेवा की द्वितीय वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम का किया उद्घाटन
लखनऊ मेट्रो ने बहुत ही कुशलता के साथ काम किया है। आमजन को बिना किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न किए लखनऊ मेट्रो का निर्माण कार्य पूर्ण कर संचालन किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने मेट्रो रेल सेवा को सफल बनाने में अहम योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री ने लखनऊ मेट्रो कारपोरेट फिल्म का किया अनावरण
लखनऊ । अपने देश, अपने शहर में मेट्रो का होना यह अपने आप में एक प्रसन्नता का भाव पैदा करने वाला विचार है। मेट्रो ने लखनऊ की तस्वीर बदल दी है। रिकॉर्ड समय में लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना का पूर्ण हो जाना एक बड़ी उपलब्धि है। लखनऊ मेट्रो ने बहुत ही कुशलता के साथ काम किया है। आमजन को बिना किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न किए लखनऊ मेट्रो का निर्माण कार्य पूर्ण कर संचालन किया गया। यह निश्चित तौर पर प्रशंसा का विषय है। यह विचार प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, डॉ दिनेश शर्मा ने आज यहां ट्रांसपोर्ट नगर में लखनऊ मेट्रो दिवस के अवसर पर लखनऊ मेट्रो रेल सेवा के शुभारंभ की द्वितीय वर्षगांठ पर आयोजित 'गौरवशाली दो वर्ष उत्कृष्टता की ओर' कार्यक्रम में व्यक्त किये।