CM योगी ने किया बाढ़ प्रभावित जिलों का निरीक्षण- की राहत सामग्री वितरित
बाढ़ प्रभावित जिलों का निरीक्षण किया और पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवीपाटन मंडल के गोण्डा व बलरामपुर के अलावा बहराइच में बाढ़ प्रभावित जिलों का निरीक्षण किया और पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की।
गोण्डा और बलरामपुर जिलों में घाघरा सरयू व राप्ती नदियों मे आयी बाढ़ से प्रभावित गांव का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश के 15 जिले बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ से बचाव के लिये नदियों पर बने सभी तटबंधों पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य चल रहा है। सभी बंधों के सुरक्षित होने से बाढ़ की स्थिति फिलहाल सामान्य है
उन्होनें कहा कि नेपाल के पानी से राप्ती, घाघरा व सरयू नदियां उफान पर है। बाढ़ से प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा नावों द्वारा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, जल पुलिस की मोटरबोटों से राहत सामग्रियां पहुंचायी जा रही है । इसके अलावा निचले इलाकों मे बसी गांव की आबादी को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नें कहा कि जलजनित रोगों की दवाइयों संग जहरीले जलचर जंतुओं के काटने पर किये जाने वाले उपचार की समुचित व्यवस्था स्वास्थ विभाग द्वारा की जा रही है। बाढ़ के कारण होने वाली मृत्यु पर मृतकों के परिजनों को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होनें बताया कि नदियों की चैनलिंग से बाढ़ रोकने मे काफी मदद मिली है । उन्होनें गोण्डा जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र के बरौली व बलरामपुर जिले के उतरौला तहसील क्षेत्र के पालापुर गांवों मे बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
इससे पहले मुख्यमंत्री बहराइच के बाढ़ क्षेत्र का दौरा करने राजीचौराहा में बने हेलीपैड पर दोपहर दो बजे उतरे। उन्होने बाढ़ व कटान पीड़ितों को खाद्यान्न किट, गृह अनुदान राशि का चेक व आवास की चाबी सौंप कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को भाजपा सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया।