महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर दिए निर्देश

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा आयोग की सदस्य के साथ वीरांगना झलकारीबाई महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया।

Update: 2021-06-23 16:48 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम द्वारा आयोग की सदस्य कुमुद श्रीवास्तव के साथ वीरांगना झलकारीबाई महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में भर्ती महिलाओं को शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही ओ.पी.डी. रूम, अल्ट्रा साउण्ड रूम, एक्सरे रूम, लेबर रूम, ओ.टी. रूम, ऑपरेशन रूम, महिला वार्ड, किचन, व मरीजों को दिये जाने वाले भोजन, दवाईयां एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के प्रमुख वार्डो किचन, स्नानागार एवं शौचालय की सफाई व्यवस्था संतोष जनक पाई गयी। अन्त में वैक्सीनेशन एरिया का भी निरीक्षण किया गया जिसमें पाया गया कि चिकित्सालय में वैक्सीन लगवा रही महिला को सम्बन्धित सभी प्रकार की जानकारी दी जा रही है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ रंजना खरे द्वारा अवगत कराया गया कि विगत माह में चिकित्सालय में प्रसव हेतु लगभग 345 मरीज भर्ती हुये है, 141 नवीन जन्में शिशु हैं एवं 203 महिलायें भर्ती हैं। 45 भर्ती महिलाओं हेतु भोजन बनाया गया है। 1 मरीज के साथ 1 ही तीमारदार को भोजन उपलब्ध कराया जाता है। मरीज की स्थिति सामान्य होने पर उसे ग्रीन जोन में भेज दिया जाता है।

विमला बाथम द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ रंजना खरे को महिलाओं एवं किशोरियों से सम्बन्धित समस्त लाभकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु इनका स्पष्ट उल्लेख अस्पताल परिसर में कराये जाने के निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका के साथ डॉ दीपा शर्मा चिकित्सा अधीक्षिका,डॉ पी.के मिश्रा, डॉ  दीपक कुमार, पी.एस.तिवारी, एस. एन. सिंह, संजय जायसवाल आदि प्रमुख चिकित्सक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News