हर किसान को प्रगतिशील किसान बनना चाहिए : नरेन्द्र सिंह तोमर
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में किसानों की समृद्धि के लिए प्रौद्योगिकी नवाचार और रणनीति विषय पर दो दिवसीय चिंतन सत्र नई दिल्ली में शुरू
नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि देश के हर किसान को प्रगतिशील किसान बनना चाहिए। किसानों को नई तकनीकें अपनानी चाहिए और कृषि वैज्ञानिकों तथा स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्रों से संपर्क में रहना चाहिए। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री पुरूषोत्तम रुपाला और कैलाश चौधरी की उपस्थिति में तोमर ने आज नई दिल्ली में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के किसानों की समृद्धि के लिए प्रौद्योगिकी नवाचार और रणनीति विषय पर दो दिवसीय चिंतन सत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान प्रधानमंत्री के विचारों के केन्द्र में रहते हैं और कृषि संबंधी सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करना है।
तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र अर्थव्यवस्था में स्थिरता लाता है और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए आधुनिकीकरण एवं तकनीकी उपयोग आवश्यक हैं। इसमें आईसीएआर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि विचार-विमर्श और चिंतन की जो प्रक्रिया राजस्थान से शुरू हुई है उसे प्रत्येक राज्य के लिए जारी रखा जाना चाहिए। श्री तोमर ने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि इस दो दिवसीय सत्र से प्राप्त जानकारियों का उपयोग कृषि कार्यों में किया जाना चाहिए।