दहेज मांगना दूल्हे को पड़ा भारी- पेड़ से बांधकर की गई पूरी खातिरदारी

अब दूल्हे और बारात को बंधक बनाने की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।;

Update: 2023-06-15 10:56 GMT

प्रतापगढ़। जयमाला के बाद होने वाली रस्म के दौरान दूल्हे की ओर से अधिक दहेज की डिमांड कर दिए जाने से बखेड़ा खड़ा हो गया। शुरुआती मान मनोव्वल के बाद जब दूल्हा अपनी मांग से टस से मस नहीं हुआ तो लड़की पक्ष ने दहेज की डिमांड कर रहे दूल्हे को अपने कब्जे में लेकर पेड़ से बांधा और उसकी खातिरदारी करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।

जनपद प्रतापगढ़ के मांधाता थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में जौनपुर जिले से आई बारात का लड़की पक्ष की ओर से जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें स्वरुचि भोज कराया गया। बारात की चढत के दौरान दारु के नशे में टल्ली हुए बारातियों ने ढोल की थाप और डीजे बज रहे गीतों पर जमकर धमाल काटा। डांस कर रहे बारातियों के साथ दुल्हन के दरवाजे पर शेरवानी पहनकर बारात लेकर आए दूल्हे राजा की लड़की पक्ष की ओर से जमकर आवभगत की गई।

स्वरूचि भोज पर आमंत्रित किये जाने पर बारातियों ने भी 56 भोग का मजा लेते हुए खूब पकवान उड़ाए। जयमाला के बाद हो रही रस्म पर जब दूल्हे ने अतिरिक्त दहेज की डिमांड कर दी तो मौके पर बखेड़ा खड़ा हो गया। लड़का एवं लड़की पक्ष के बीच हुई कहासुनी के बीच दूल्हे राजा की काफी मान मनोव्वल की गई लेकिन जब दूल्हे राजा अतिरिक्त दहेज की डिमांड को लेकर टस से मस नहीं हुए तो लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे एवं उसके साथ बारात लेकर आए लोगों को एक पेड़ से बांध दिया।Full View

इसके बाद भी जब दूल्हा दहेज में मनचाही चीज नही मिलने पर शादी करने से इनकार करता रहा तो मामले में पुलिस की एंट्री कराई गई। सूचना पाते ही गांव में पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पंचायत का सिलसिला चला। पूरे दिन पंचायत का दौर चलता रहा लेकिन मामले का कोई नतीजा नहीं निकला। अब दूल्हे और बारात को बंधक बनाने की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

Tags:    

Similar News