रंगबाज का टशन- चलती बुलेट पर बेखौफ पिस्टल लहराकर बनाई रील

टशन दिखाते हुए युवक ने चलती बुलेट पर दोनों हाथ छोड़कर हवा में पिस्टल लहराई और अपना जलवा दिखाया।

Update: 2023-11-29 11:48 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संचालित करने वाली राजधानी में ही रंगबाज नियम कानूनों को ठेंगा दिखाते हुए सरेआम पिस्तौल लहराते हुए वीडियो बना रहे हैं। जिससे दिखाई दे रहा है कि टशन दिखाने में लगे रंगबाजों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा है। टशन दिखाते हुए युवक ने चलती बुलेट पर दोनों हाथ छोड़कर हवा में पिस्टल लहराई और अपना जलवा दिखाया।

दरअसल बुधवार को सोशल मीडिया पर युवाओं के ऊपर चढ़े रील बनाने के खुमार का एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि वीडियो बनाने के चक्कर में पड़े युवक को अपनी जान की तो परवाह है ही नहीं बल्कि वह दूसरों की जान भी लेने का मुकम्मल इंतजाम कर रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में युवक पहले तो राजधानी की सड़क पर बुलेट से फर्राटा भरते हुए अपने स्टंट के जलवे बिखेरता है। इसी दौरान जेब में पड़ी पिस्तौल निकाल कर युवक हवा में लहरता है।

मजेदार बात यह है कि युवक ने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ है और दोनों हाथ छोड़कर बाइक दौड़ाते हुए वह यातायात के नियमों का भी अपना भौकाल दिखाने के लिए उल्लंघन कर रहा है। अब देखने वाली बात यह रह गई है कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संचालित करने वाली राजधानी की पुलिस इस मामले में कितना बड़ा और कब तक कोई एक्शन ले पाती है अथवा नहीं।

Full View

Tags:    

Similar News