भैरव बाबा का सुरा से अभिषेक कर मांगी मन्नत

Update: 2021-02-05 10:32 GMT

मुजफ्फरनगर। श्री गौरक्ष आराध्य दर्पण द्वारा भैरव बाबा का सुरा से अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतें मांगी। विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलियुग के सबसे अधिक जागृत देव भैरव बाबा का अभिषेक कराया।


नदी रोड स्थित सिद्धपीठ श्री त्रिपुरा बाला सुंदरी मंदिर में श्री गौरक्ष आराध्य दर्पण द्वारा भैरव बाबा का भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर सुरा से अभिषेक किया गया। श्री गौरक्ष आराध्य दर्पण के संस्थापक व शाबर मंत्र साधक प्रवीण गर्ग व संस्थापक अध्यक्ष मनोज सैनी के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम प्रथम पूज्य भगवान गणेश व मां काली की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भैरव बाबा का षोडपचार पूजन किया गया। भैरव बाबा को दही बड़े का भोग लगाया गया। इसके पश्चात भैरव बाबा का सुरा से अभिषेक किया गया। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण कर रुद्री का पाठ किया। तत्पश्चात आरती सम्पन्न हुई। इसके बाद सभी को प्रसाद का वितरण किया गया।

शाबर मंत्र साधक प्रवीण महाराज ने बताया कि भैरव बाबा की कृपा से सभी कष्ट समाप्त हो जाते हैं। वे कलियुग के जागृत देवता हैं। भैरव बाबा की अष्टमी प्रत्येक माह आती है। इस दिन बाबा का सुरा से अभिषेक करने से बाबा की कृपा प्राप्त होती है और सभी ग्रह बाधा, तंत्र बाधा व जीवन में आ रही समस्याओं का समाधान बाबा की कृपा से स्वतः ही हो जाता है। मनोज सैनी ने कहा कि प्रत्येक मासिक भैरव अष्टमी पर भगवान भैरव नाथ का अभिषेक किया जाता है। बाबा की कृपा से सभी मुश्किलों का समाधान हो जाता है।

इस दौरान पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेन्द्र सैनी, नवनीत भारद्वाज, विनीत गोयल, विकास गोयल, संजय तायल, प्रफुल्ल भटनागर, प्रज्ज्वल सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Similar News