केंद्रीय नेताओं की मैंगो पार्टी में मची आम की लूट-जेब में आम भरकर ..

मेरठ। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जयंत सिंह चौधरी के सम्मान में आयोजित की गई मैंगो पार्टी में आम की लूट मच गई। देखते ही देखते आमों पर टूट पड़े राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता दोनों हाथों में आम उठाकर भागने लगे। हालात ऐसे हुए कि केंद्रीय मंत्रियों को केवल एक-एक आम ही हाथ लग सका।
बुधवार को सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्रियों के सम्मान में आयोजित की गई मैंगो पार्टी में मची आम लूट का एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है, जिसे जनपद के पाबली खास इलाके में स्थित आम के एक बाग का होना बताया जा रहा है।

वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय राज्य मंत्री तथा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह चौधरी मंगलवार को मोदीपुरम के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे।
उधर राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश संयोजक एवं मीडिया प्रभारी सुनील रोहटा ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पावली खास स्थित आम के बाग में इन दोनों केंद्रीय मंत्रियों के सम्मान में आम पार्टी का आयोजन किया था। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी रहे अश्वनी त्यागी समेत रालोद और भाजपा के कई अन्य बड़े चेहरे भी मैंगो पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।

जैसे ही दोनों मुख्य अतिथि पार्टी में आम का रसास्वादन करने के लिए पहुंचे तो उस समय मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं के सब्र का बांध टूट पड़ा, जिसके चलते वह आम हासिल करने के लिए वहां रखी आम की पेटियों पर टूट पड़े। हालात ऐसे हुए कि जिसके हाथ जितने आम लगे, वह उसने बटोर लिए। कुर्ते की जेब में भी लोग आम भरकर ले गए। मैंगो पार्टी में मची आम की लूट की खींचतान दौरान कई लोग वहां पर गिर भी पड़े। केंद्रीय मंत्रियों को मुश्किल से एक-एक आम ही हाथ लग पाया, जिसके चलते वह उसी का रसास्वादन कर वहां से उठ गए।