काम नहीं आई पैंतरे बाजी- भाजपा जिलाध्यक्ष पार्टी से बाहर

काम नहीं आई पैंतरे बाजी- भाजपा जिलाध्यक्ष पार्टी से बाहर

गोंडा। महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में भाजपा जिला अध्यक्ष का वीडियो वायरल होने के मामले में पार्टी नेतृत्व की ओर से की गई कार्यवाही के अंतर्गत भाजपा जिला अध्यक्ष को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश अनुसार की गई इस कार्रवाई के बाद अब पार्टी में हड़कंप मच गया है।

बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशीय नेतृत्व की ओर से पार्टी दफ्तर में महिला के गले मिलने के मामले में की गई कार्रवाई के अंतर्गत भाजपा के गोंडा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बम बम को पार्टी से बाहर का नया रास्ता दिखा दिया गया है।


भाजपा जिला अध्यक्ष का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी की ओर से भाजपा नेता को नोटिस जारी करते हुए 7 दिनों के भीतर मामले के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बीजेपी की ओर से लिए गए बड़े एक्शन में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने भाजपा जिला अध्यक्ष को पार्टी से बाहर कर दिया है।

प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बम बम को लिखी गई चिट्ठी में बताया गया है कि उनके द्वारा भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं नहीं है। महिला के साथ किया गया कृत्य घोर अनुशासन की परिधि में आता है।

चिट्ठी में साफ तौर से लिखा गया है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार अमर किशोर कश्यप बम बम को तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा जिला अध्यक्ष के दो वीडियो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें से एक वीडियो में वह एक महिला को गले लगाते दिखे थे। यह वीडियो 12 अप्रैल का होना बताया गया है।

हालांकि मामले को लेकर हुए हंगामे के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष को बचाने को आगे आते हुए वीडियो में दिखाई दी महिला ने खुद को भाजपा जिला अध्यक्ष की बहन बताते हुए वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ मानहानि की वार्निंग दी थी।

लेकिन महिला की ओर से भाजपा जिला अध्यक्ष को दी गई यह बैसाखी काम नहीं आ सकी और पार्टी नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा ही दिया।

Next Story
epmty
epmty
Top