दीपोत्सव पर बिखरी खुशियों की चमक - रोशनी से जगमगाया MG पब्लिक स्कूल

दीपोत्सव पर बिखरी खुशियों की चमक - रोशनी से जगमगाया MG पब्लिक स्कूल

मुजफ्फरनगर। दीयों की टिमटिमाती रोशनी, उल्लास से भरा वातावरण और आपसी सौहार्द का संदेश, कुछ ऐसा ही दृश्य एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रांगण में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम का नजर आया। इस आयोजन ने दीपावली पर्व की परंपरा को जीवंत करते हुए आत्मीयता, उत्साह और संस्कृति का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया।


सोमवार की शाम एम.जी. पब्लिक स्कूल में दीपोत्सव पर्व हर्ष एवं उल्लास के साथ मनायका गया। यहो शिक्षिक-शिक्षिकाओं के बीच पहुंचे एम.जी. चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चन्द गोयल द्वारा विद्यालय परिसर में आगमन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने उनका समस्त शिक्षकगणों एवं कर्मचारियों के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सभी ने सबसे पहले विद्यालय के संस्थापक स्व. लाला हरबंस लाल गोयल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को नमन किया। इसके बाद मिट्टी के दीयों को प्रज्वलित कर दीपोत्सव की शुरुआत की गई। परिसर जय श्री राम के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। पूरा विद्यालय प्रांगण रंग-बिरंगे दीपों की रोशनी से जगमगाने लगा। हर कोने को सजाया गया था,दृ दीपों के माध्यम से बनी दीपमालाएं, सौंदर्य का प्रतीक बनकर यह संदेश भी दे रही थीं कि प्रकाश से ही अंधकार को मिटाया जा सकता है। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ ने एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।


चेयरमैन सतीश चन्द गोयल ने सभी को दीपावली व पंच दिवसीय पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए यह कामना की कि यह उत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने सभी को अपनी धार्मिक परंपराओं के साथ जुड़ने और सामाजिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने भी इस अवसर पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि यह आत्मिक प्रकाश फैलाने, अच्छाई को अपनाने और समाज में सकारात्मकता फैलाने का संदेश है। कार्यक्रम के समापन पर सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।

Next Story
epmty
epmty
Top