मगरमच्छ ने नदी से निकलकर गांव में डेरा जमाया- पकडने को छूटे पसीने

आगरा। चंबल नदी से निकलकर मगरमच्छ किसान के घर तक पहुंच गया। सवेरे खेतों की तरफ जा रहे ग्रामीणों की नजर जब मकान के पास पड़े मगरमच्छ पर पड़ी तो गांव में अफरा तफरी मच गई। लोगों की जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम को मगरमच्छ पकड़ने में पसीने छूट गए।
पिनाहट ब्लॉक के प्रजापुर गांव के रहने वाले किसान जल सिंह सवेरे के समय जब खेत पर जाने के लिए निकले तो घर के बाहर कीचड़ में एक मगरमच्छ को देखकर वह बुरी तरह से सहम गए।

उन्होंने घर वालों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी मगरमच्छ के चंबल नदी से निकलकर गांव तक पहुंच जाने की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही थोड़ी ही देर में गांव वालों की मौके पर भारी भीड़ लग गई।
लोगों को देखकर मगरमच्छ ने जब उनकी तरफ दौड़ लगा दी तो लोगों में बुरी तरह से भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को जब मामले की सूचना दी तो जानकारी मिलने के बाद गांव में पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा और फिर चंबल नदी में ले जाकर छोड़ दिया।
मगरमच्छ को पकड़ने में वन विभाग की टीम के पसीने छूट गए।