पंजाब: वरिष्ठ अकाली नेता ढींडसा का मोहाली में निधन

पंजाब: वरिष्ठ अकाली नेता ढींडसा का मोहाली में निधन

चंडीगढ़, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा का लंबी बीमारी के बाद बुधवार शाम मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 89 वर्षीय ढींडसा के परिवार में उनकी पत्नी, पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

ढींडसा पंजाब के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता थे, जिनका राजनीतिक जीवन अकाली दल से शुरू हुआ और उन्होंने राज्य एवं केंद्र की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अप्रैल 1936 में संगरूर के उबावल में एक किसान परिवार में जन्मे ढींडसा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए थे।

ढींडसा ने 2000 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी मंत्रालय में केंद्रीय खेल और रसायन और उर्वरक मंत्री के रूप में कार्य किया। वह लोकसभा और राज्यसभा के पूर्व सदस्य थे।

2020 में शिरोमणि अकाली दल (बादल) से मतभेद के बाद उन्होंने एक नई पार्टी शिरोमणि अकाली दल (यूनाइटेड) बनाई। इस पार्टी का उद्देश्य सच्चे अकाली मूल्यों एवं पंथिक सिद्धांतों की रक्षा करना था। हालांकि, पिछले साल उन्होंने अपनी पार्टी का शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) में विलय कर दिया था।

उनके बेटे परमिंदर सिंह ढींडसा भी पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री बी एस मान ने वरिष्ठ अकाली नेता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और लोगों के कल्याण के लिए उनके अथक प्रयासों को स्वीकार किया।

शोक संतप्त परिवार, सगे-संबंधियों और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Next Story
epmty
epmty
Top