स्कूलों के मर्जर के विरोध में प्रदर्शन-कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प

लखनऊ। स्कूलों की संख्या कम करने के लिए सरकार के मर्जर अभियान का विरोध करने के लिए सड़क पर उतरे कांग्रेसियों की पुलिस के साथ झड़प हुई। बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश में पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। मंगलवार को प्राइमरी स्कूलों के मर्जर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एनएसयूआई के वर्करों ने राजधानी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है।

विधानसभा का घेराव करने के लिए जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दोनों तरफ बेरिकेडिंग कर दी। कांग्रेस मुख्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा की तरफ निकले।
दफ्तर के बाहर दोनों तरफ बेरिकेडिंग लगी देख बुरी तरह से बिफरे कांग्रेसी उसके ऊपर चढ़कर हंगामा करते हुए नारेबाजी करने लगे। विधानसभा की तरफ बढ़ने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच इस दौरान जोरदार नोक झोंक भी हुई। एनएसयूआई के सदस्य जब लगातार बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ाने की कोशिश करते रहे तो रोके जाने के दौरान पुलिस के साथ उनकी धक्का मुक्की भी हुई।