टोल प्लाजा पर गर्दन पकड़कर महिलाकर्मी को धक्का देने वाला नेता गिरफ्तार

नोएडा। धरना प्रदर्शन के दौरान लुहारली टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी से किए गए दुर्व्यवहार के मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए नेता की पहचान अमित मुखिया के रूप में हुई है।
ग्रेटर नोएडा में लुहारली टोल प्लाजा कुछ लोग किसानों के धरना प्रदर्शन के दौरान जबरन अपनी गाड़ियों को टोल प्लाजा से निकाल रहे थे, इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला टोल कर्मी ने जब उन्हें रोका तो आरोप है कि खुद को किसान नेता बताने वाले अमित मुखिया ने महिला कर्मी की गर्दन पकड़ी और उसे धक्का दे दिया।

महिला कर्मी के साथ की गई यह बेहूदगी टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में टोल प्लाजा पर उतारे गए हुड़दंग का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार के मुताबिक दादरी पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने अशांति फैलाने वाले तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज और फोटो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयासों में दौड़ धूप कर रही है।