भूस्खलन में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित निकाला गया

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लारनू-मुर्गन टॉप इलाके में कल देर रात हुए भूस्खलन में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इस भूस्खलन में लगभग 30 वाहन फंस गये थे।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) बचाव दल अनंतनाग ने स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की सहायता से घटना के तुरंत बाद तेजी से बचाव अभियान शुरू किया।

एक अधिकारी ने कहा, "भूस्खलन के कारण फंसे सभी यात्रियों और चालकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इसमें जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।" उन्होंने बताया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रात भर जारी रहा बचाव अभियान सुबह तक सफलतापूर्वक समाप्त हो गया।

शुक्रवार को गंदेरबल, अनंतनाग और कुपवाड़ा सहित कश्मीर के कई जिलों में बादल फटने और अचानक बाढ़ आने की घटनाएं हुयी थीं। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए, कई जिलों में प्रशासन ने समय पर सहायता सुनिश्चित करने और किसी भी संकट कॉल या मौसम संबंधी व्यवधान पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए समर्पित आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं।