शीशी से उड़ेला तेल- CM आवास के पास महिला का आत्मदाह का प्रयास

शीशी से उड़ेला तेल- CM आवास के पास महिला का आत्मदाह का प्रयास

लखनऊ। अपने पति और दो बच्चों के साथ राजधानी पहुंची महिला ने मुख्यमंत्री आवास के पास आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते पुलिस कर्मियों की निगाह पड जाने से महिला अपने उद्देश्य में कामयाब नहीं हो सकी।

सोमवार को हरदोई जनपद के पिहानी की रहने वाली महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ राजधानी लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री आवास के सामने बने गोल्फ क्लब में अचानक उसने अपने बैग से शीशी निकाली और उसमें भरे तेल को अपने ऊपर उड़ेल लिया।

आग लगाने के लिए जैसे ही महिला ने माचिस निकाली, वैसे ही वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों की उसके ऊपर निगाह पड़ गई और वह बुरी तरह से घबरा उठे।


पुलिस कर्मियों ने दौड़ धूप करते हुए महिला को पकड़ लिया और उसे थाने ले गए। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि महिला का नाम रोली देवी है और वह हरदोई जनपद के पिहानी से राजधानी लखनऊ पहुंची थी।

महिला के मुताबिक हरदोई के रहने वाले विक्की मिश्रा ने उसे राजधानी लखनऊ में मकान दिलाने का झांसा देते हुए 50 लाख रुपए ले लिए थे, लेकिन मकान नहीं दिलाया।

बाद में उसने 24 लाख रुपए तो वापस कर दिए, लेकिन 26 लाख रुपए अभी तक नहीं लौटाए हैं। महिला का आरोप है कि उसने विक्की के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।

Next Story
epmty
epmty
Top