महाविनाश जारी-पठानकोट में दरके पहाड़-लुधियाना में सेना ने संभाला मोर्चा

चंडीगढ़। प्रकृति पंजाब में महाविनाश के सिलसिले को जारी रखे हुए हैं। लुधियाना में बाढ़ के हालात विकट होने के बाद सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। पठानकोट में एक बार फिर से पहाड़ दरक कर खड्डे में गिर पड़ा है। पहाड़ का मलबा के गिरने से बंद हुए रास्ते की वजह से लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को भी पंजाब के पठानकोट में पहाड़ों के दरकने का सिलसिला जारी है। शाहपुरकंडी डैम साइड जुग्याल धारकलां रोड पर बारिश के दौरान दरके पहाड़ के गिरने से यातायात ठप हो गया है। उधर चक्की खडड के पास भी एक पहाड़ दरककर खड्डे में गिरा है। चक्की खडड में लगातार भारी बारिश होने से हो रहे कटान की वजह से पहाड़ गिर रहे हैं। दूसरा डैम साइड रोड पर पहाड़ का मलबा गिरने से बंद हुए रास्ते की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लुधियाना में भी बाढ़ के पानी ने अपना असर दिखना शुरू कर दिया है। पहले शनिगांव डूबने के बाद अब सतलुज नदी के किनारे बसे ससराली कॉलोनी इलाके में बांध कमजोर हो गया है। बांध की कमजोरी का पता चलते ही कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया और डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन मौके पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी सरकार को दी और इसी के चलते सेना के जवानों ने ससराली कॉलोनी इलाके में मोर्चा संभाल लिया है। उनके साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है, जिसने बांध को पक्का करने का काम शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है। पब्लिक को किसी ऊंचे स्थान पर जाने को कह दिया गया है। ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।