रिमाउंट डिपो कर्मी पर तेंदुए का अटैक- गेहूं काट रहे मजदूर मौके से भागे

सहारनपुर। जंगल से निकलकर रिमाउंट डिपो में पहुंचे तेंदुए की वजह से दहशत फैल गई। काम कर रहा कर्मचारी जब तेंदुए की दहाड़ सुनकर मौके से भागा तो तेंदुए ने पंजा मार कर उसे घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर दौड़े लोगों को आता देखकर तेंदुआ वहां से भाग गया। घायल हुए कर्मचारियों को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को महानगर के देहरादून रोड स्थित रिमाउंट डिपो में घुसे तेंदुए ने इलाके में भारी दहशत फैला दी। तेंदुए की रिमाउंट डिपो में उस समय एंट्री हुई जब कर्मचारी गेहूं काटने का काम कर रहे थे।
रिमाउंट डिपो में घुसे तेंदुए ने जैसे ही दहाड लगाई तो वहां पर काम कर रहे मजदूर दहशत के मारे भाग खड़े हुए। इस दौरान तेंदुए ने मौके से भाग रहे एक मजदूर पर हमला बोल दिया। पंजा लगने से लहू लुहान हुए मजदूर की चीख पुकार को सुनकर साहस बटोर कर जब तक अन्य लोग मौके पर पहुंचे, उस समय तक तेंदुआ उन्हें देखकर वहां से भाग गया।
इस घटना का एक कर्मचारी में वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल हुए कर्मचारी को ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद रिमाउंट डिपो तथा आसपास के इलाके में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है। अधिकारियों द्वारा दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम में तेंदुए की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन तेंदुआ अभी तक हाथ नहीं लग सका है।