विभिन्न देशों के नेताओं ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

विभिन्न देशों के नेताओं ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

नई दिल्ली, दुनिया के कई देशों के नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुये भारत के साथ रिश्ते और मजबूत बनाने तथा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना की है।


भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ भारत को 79वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई। हमारी दोस्ती का जश्न मनाते हुये शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना करता हूं।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके जवाब में श्री तोबगे का धन्यवाद करते हुये आने वाले समय में दोनों देशों की मित्रता और मजबूत होने की कामना की।


फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों ने भारत के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुये याद दिलाया कि उन्हें इस साल फरवरी में श्री मोदी का अपने देश में स्वागत करने का अवसर मिला था। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदीरी और प्रगाढ़ होने की उम्मीद जतायी।

श्री मोदी ने जवाब में लिखा कि भारत दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को मूल्यवान मानता है और दोनों देशों के लोगों के हित की खातिर इसे और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु ने भारत के मित्रवत लोगों, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ भारत हमेशा से मालदीव के विकास में विश्वसनीय सहयोगी रहा है। मैं उच्च स्तरीय आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क की तहे दिल से प्रशंसा करता हूं।

यह हमारे मजबूत सहयोग को रेखांकित करता है। ”


श्री मोदी ने उनकी शुभकामनाओं के लिए उनका भी धन्यवाद किया है। उन्होंने मालदीव को दोनों देशों के लोगों और क्षेत्र के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा विजन में मूल्यवान पड़ोसी और निकट साझेदार बताया। मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम ने भारत की सरकार और देश के लोगों को बधाई देते हुये लिखा कि यह आजादी, लोकतंत्र और एकता के मूल्यों के जश्न का दिन है, जिसे भारत ने 1947 से बनाये रखा है। भारत और मॉरिशस के बीच संबंध इतिहास, संस्कृति और उस बंधन में निहित जो दोनों देशों के बीच सहयोग, मित्रता और परस्पर सम्मान में निहित है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ भारत शांति, समृद्धि और प्रगति के साथ आगे बढ़ता रहे और अपनी मजबूती और विजन से दुनिया का मार्गदर्शन करता रहे।”

प्रधानमंत्री ने उनका धन्यवाद करते हुये लिखा कि प्रगति, समृद्धि और दोनों देशों के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की साझा तलाश में मॉरिशस हमेशा भारत का रणनीतिक विश्वसनीय साझेदार बना रहेगा।

Next Story
epmty
epmty
Top