भूस्खलन व खराब मौसम बना खलनायक- 12 दिन भी वैष्णो देवी यात्रा बंद

जम्मू। भूस्खलन और खराब मौसम लगातार खलनायक बनते हुए माता वैष्णो देवी के दर्शन को जाने वाले लोगों की राह को रोक रहा है। 12वें दिन भी माता वैष्णो देवी की यात्रा बंद रही है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को भी लगातार 12 वें दिन खराब मौसम और भूस्खलन की वजह से माता वैष्णो देवी की यात्रा बंद रही है, जिससे श्रद्धालुओं की मंदिर तक पहुंच बाधित हो गई है। यात्रा बंद रहने से कटरा और अन्य स्थानों के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। भूस्खलन की जांच के लिए जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर की ओर से तीन सदस्य कमेटी गठित की गई है।
माता वैष्णो देवी तक जाने वाला रास्ता त्रिकूटा पर्वत क्षेत्र में खराब मौसम और भूस्खलन की घटनाओं के कारण श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित हो गया है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और मार्ग बंद होने की स्थिति बनी हुई है।
श्रीनगर के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार जिले में 7 सितंबर तक कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन 8 और 9 सितंबर को गरज चमक और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने भूस्खलन की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय तीन सदस्य कमेटी का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता विभागीय जल शक्ति के अतिरिक्त मुख्य सचिव सलीम कबरा कर रहे हैं। इनके अलावा डिविजनल कमिश्नर और जम्मू के पुलिस महा निरीक्षक को भी शामिल किया गया है।