रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड बदरीनाथ हाईवे बंद- गंगोत्री हाईवे भी ब्लॉक

देहरादून। बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर लगातार हो रही लैंडस्लाइड की घटनाओं की वजह से इन हाईवे के बंद रहने से श्रद्धालुओं की यात्रा बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। सड़कों को साफ करने का काम जारी है। रास्ते में फंसे लोग हाईवे के खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए लैंड स्लाइड की वजह से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया है। उधर गंगोत्री हाईवे भी धरासू पुराना थाना और सोनागढ़ के पास ब्लॉक हुआ पड़ा है। यमुनोत्री हाईवे भी कुथनौर और नारद चट्टी के पास बंद पड़ा हुआ है।

तीन तीर्थ स्थलों को जाने वाले हाईवे के एक साथ बंद होने से श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। दूसरी तरफ स्थानीय लोगों को भी अपने आने जाने की जरूर को पूरा करने के लिए लंबे और कठिन पहाड़ी रास्ते तय करने पड़ रहे हैं।
उधर उत्तरकाशी में डुंडा विकासखंड के मातली गांव में दो गदेरे उफान पर आने की वजह से कई घरों में पानी घुस गया है। 20 घरों में रहने वाले लोगों को नजदीकी होटल में शरण लेनी पड़ी है। मलबा आने की वजह से गंगोत्री हाइवे को भी बंद करना पड़ा है।