पुलिस एवं ATS का ज्वाइंट ऑपरेशन- ISIS संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

रांची। दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस की ओर से संयुक्त रूप से अंजाम दिए गए ऑपरेशन के अंतर्गत ISIS के संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। अरेस्टिंग के दौरान लॉज के भीतर से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
बुधवार को झारखंड के रांची में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की ओर से अंजाम दिए गए ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान रांची के इस्लामनगर इलाके में दबिश देकर संदिग्ध ISIS आतंकवादी अजहर दानिश की गिरफ्तारी की गई है।

अरेस्ट किए गए अजहर दानिश के खिलाफ राजधानी दिल्ली में एक मामला दर्ज था, जिसके चलते दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसकी तलाश कर रही थी।
बुधवार को टीम ने अजहर को इस्लामनगर स्थित तबरक लाॅज से दबिश देकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान ली गई तलाशी में लॉज के अंदर से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि मूल रूप से बोकारो जनपद के पेटरवार का रहने वाला अजहर दानिश लगातार पुलिस की निगरानी में था। बुधवार को खुफिया इनपुट के बाद उसकी रांची से गिरफ्तारी की गई है।