अतिवृष्टि में मचाई तबाही- मकान को भी अपने साथ बहा ले गया मलबा

कर्णप्रयाग। पहाड़ों में हो रही मानसूनी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। चमोली जनपद में हुई अतिवृष्टि की घटना में आया भारी मलबा एक मकान को बहाकर अपने साथ ले गया है। इसी स्थान पर पहले भी एक मकान भूस्खलन के मलबे में दब गया था। जिसमें एक लड़की की मौत हो गई थी।
बृहस्पतिवार को चमोली जनपद के थराली के सगवाड़ा गांव में हुई अतिवृष्टि की घटना में एक मकान मलबे के साथ बह गया है। तहसीलदार अक्षय पंकज ने बताया है कि बीते दिन से शुरू हुई बारिश पूरी रात हुई थी।
ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि सगवाड़ा में फिर से मलबे के साथ एक मकान बुरी तरह से तहस-नहस हो गया है। मामले की जानकारी मिलते ही राजस्व टीम और डीडीआरएफ को मौके पर भेजा जा रहा है।
ग्राम प्रधान दिनेश बिष्ट ने बताया है कि मकान बहाने की इस घटना में गनीमत इस बात की रही है कि घटना के वक्त मकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था।
इससे पहले 22 अगस्त को हुई मकान टूटने की घटना में एक लड़की की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार की रात एक बार फिर से मलबे के साथ मकान बहने की घटना हुई है।