बांग्लादेश से आकर रह रही आधा दर्जन महिलाएं हिरासत में- वापस...

नई दिल्ली। राजधानी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिना दस्तावेजों के राजधानी में रह रही आधा दर्जन बंगलादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। जिन्हें अब वापस भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
रविवार को दिल्ली की पूर्वी जिला पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही के अंतर्गत 6 बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। यह महिलाएं उस समय हिरासत में ली गई जब मंडावली पुलिस को जानकारी मिली थी कि इलाके में बांग्लादेशी महिला रह रही है।
इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले बांग्लादेश से आई एक महिला को पकड़ा, बाद में महिला से की गई पूछताछ के आधार पर राजधानी के पहाड़गंज इलाके से पांच अन्य बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान 23 वर्षीय मीम अख्तर, 35 वर्षीय मीना बेगम, 36 वर्षीय शेख मुन्नी, 36 वर्षीय सोनिया अख्तर, 25 वर्षीय पायल शेख और 34 वर्षीय तानिया खान के रूप में की गई है।
दिल्ली पुलिस ने इन सभी को ओवरसीज रीजनल रजिस्ट्रेशन दफ्तर की मदद से अब देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।