रौनी घाटी में भूस्खलन से सड़क पर कई जगहों पर दरार, मार्ग बंद

रौनी घाटी में भूस्खलन से सड़क पर कई जगहों पर दरार, मार्ग बंद

जशपुर, छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली रौनी घाटी में भूस्खलन के कारण बगीचा-रौनी-जशपुर मुख्य मार्ग पर एक बार फिर संकट गहरा गया है। घाटी के बीचों बीच सड़क पर गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिसके चलते दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 48 घंटों से जशपुर जिले में लगातार बारिश हो रही है। बारिश की गति भले धीमी रही हो। पर उसकी निरंतरता ने जमीन को कमजोर कर दिया है, जिससे भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका सीधा असर रौनी घाटी पर देखने को मिला है, जहां सड़क का एक हिस्सा दरक गया और गहरी दरारें उभर आईं।

लोक निर्माण विभाग के एसडीओ बृजेश गुप्ता ने बताया रौनी रोड पर करीब पांच साल पहले भी भूस्खलन हुआ था। अब फिर वैसी ही स्थिति बनी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मार्ग को दोनों ओर से पूरी तरह सील कर दिया गया है। हमने उच्चाधिकारियों को सूचना भेज दी है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोगों को लगभग 5 से 10 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।जो असुविधाजनक और जोखिमभरा है, जिससे स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, मरीज और किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मार्ग की स्थायी मरम्मत और सुरक्षात्मक दीवार बनाई जाए ताकि हर साल यह संकट न दोहराया जाए।

रौनी घाटी एक भू-संवेदनशील क्षेत्र के तहत आता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यहां पर ठोस रिटेनिंग वॉल, जल निकासी व्यवस्था की व्यवस्था को नहीं अपनाया गया।तो, हर साल बारिश में यही स्थिति बनी रहेगी।

Next Story
epmty
epmty
Top