RO वाटर कूलर में उतरे करंट ने हलक में फंसाई जान- सजगता से टला हादसा

RO वाटर कूलर में उतरे करंट ने हलक में फंसाई जान- सजगता से टला हादसा

खतौली। शहर के व्यस्ततम जानसठ तिराहे पर नगर पालिका परिषद की ओर से पब्लिक की प्यास बुझाने के लिए लगाए गए RO वाटर कूलर में उतरे करंट ने आज लोगों की जान हलक में फंसा दी, स्थानीय व्यक्ति की ओर से दिखाई गई सजगता के चलते बड़ा हादसा टल गया।

दरअसल नगर पालिका परिषद की तरफ से शहर में आने जाने वाले राहगीरों के अलावा स्थानीय लोगों की प्यास बुझाने और गर्मी के मौसम में उन्हें ठंडा एवं कीटाणु रहित पानी उपलब्ध कराने के लिए शहर के व्यस्ततम जानसठ तिराहे पर पुलिस चौकी के सामने पेट्रोल पंप के नजदीक RO वाटर कूलर लगाया गया है।

बीती रात के बाद बुधवार की सवेरे हुई बारिश के दौरान स्थापना के वक्त नजरअंदाज की गई तकनीकी खराबी की वजह से RO वाटर कूलर में करंट उतर आया।

RO वाटर कूलर में करंट उतरने का उस समय पता चला जब सबेरे के समय कुछ स्थानीय लोग वाटर कूलर पर पानी भरने के लिए पहुंचे, जैसे ही उन्होंने वाटर कूलर की टोंटी को हाथ लगाया वैसे ही उन्हें झटका महसूस हुआ।

तुरंत सजगता दिखाते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल RO वाटर कूलर में जा रही बिजली आपूर्ति को बंद कराते हुए नगर पालिका परिषद की इस मामले की जानकारी दी।

पालिका कर्मियों का कहना है कि जल्दी ही आरओ वाटर कूलर की जांच कराई जाएगी और जरूरी सुधार कार्य किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा चल रही है, जिसके चलते तीर्थ नगरी हरिद्वार से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिव भक्तों को थकान के दौरान पानी की जरूरत पड़ रही है।

ऐसे हालातों के बीच RO वाटर कूलर में उतरा करंट किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकता था।

Next Story
epmty
epmty
Top