शोहदे का साहस-ड्यूटी करके लौट रही महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़

मेरठ। ड्यूटी करके लौट रही महिला कांस्टेबल को देखकर बाइक सवार के भीतर का शैतान जाग उठा। महिला कांस्टेबल के साथ बाइक सवार ने जब छेड़छाड़ शुरू की तो विरोध किए जाने पर वह अभद्रता पर उतर आया, महिला के चिल्लाने पर बाइक सवार वहां से भाग निकला। पुलिस अब दौड़ धूप करते हुए महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ करने वाले का पता लगाने में जुटी हुई है।
सोमवार को मिल रही जानकारी के मुताबिक महानगर के कंकरखेड़ा थाने पर तैनात महिला कांस्टेबल रविवार को तकरीबन आधी रात के करीब ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रही थी।
स्कूटी सवार महिला कांस्टेबल जब वापस लौट रही थी तो 510 आर्मी बेस वर्कशॉप के निकट अचानक से बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते महिला कांस्टेबल एक स्थान पर रुक गई। बताया जा रहा है कि वहां पर पहले से ही एक बाइक सवार युवक खड़ा हुआ था, जिसके भीतर का शैतान वहां रुकी महिला कांस्टेबल को देखते ही जाग उठा।
दिमाग के भीतर हवस के कीड़ों के कुलबुलाते ही उसने महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला कांस्टेबल ने जब उसकी करतूत का विरोध किया तो वह सीधे अभद्रता पर उतर आया, इससे पहले की वह महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट कर पाता, उससे पहले ही उसी वक्त वहां से गुजर रही कार को देखकर महिला कांस्टेबल मदद के लिए चिल्लाने लगी। कार सवार के ब्रेक लगाते ही बाइक सवार वहां से भाग निकला। पुलिस अब इस मामले में छानबीन करते हुए छेड़छाड़ करने वाले शोहदे का पता लगाने में जुटी हुई है।