कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़- 5 दिनों से फरार भाजपा नेता किया गिरफ्तार

कोलकाता। कांग्रेस दफ्तर में की गई तोड़फोड़ के आरोप में पिछले 5 दिन से फरार भारतीय जनता पार्टी के नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी से बचते हुए फिर रहे भाजपा नेता सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ वीडियो मैसेज जारी कर रहे थे।
बुधवार को कोलकाता पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक राजधानी के टंगरा इलाके में स्थित एक फ्लैट पर मंगलवार को आधी रात के बाद की गई छापा मार कार्यवाही में भारतीय जनता पार्टी के नेता राकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बुधवार को जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया है कि गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता राकेश सिंह पर पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के गेट पर तोड़फोड़ करने का आरोप है।
भाजपा नेता को गिरफ्तार करने वाली पुलिस ने बताया है कि कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ करने के मामले को लेकर दर्ज हुई एफआईआर के बाद भाजपा नेता पिछले पांच दिनों से फरार चल रहे थे।
इस दौरान वह बार-बार अपने आवास पर छापेमारी से बचते हुए सोशल मीडिया पर लगातार पुलिस के खिलाफ वीडियो मैसेज जारी कर रहे थे।