कांग्रेस ने राहुल की रैली के लिए बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क की दीवार....

बेंगलुरु, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बेंगलुरु सेंट्रल इकाई ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आठ अगस्त को आयोजित किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए जगह बनाने हेतु कांग्रेस ने फ्रीडम पार्क की सदियों पुरानी दीवार को अवैध रूप से गिराया है। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई।
आगामी आठ अगस्त को कांग्रेस की ओर से होने वाला यह विरोध प्रदर्शन 2024 के लोकसभा चुनावों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ किया जा रहा है।
भाजपा बेंगलुरु सेंट्रल के जिला अध्यक्ष सप्तगिरि गौड़ा ने उप्परपेट पुलिस थाने में दिए शिकायती पत्र में कांग्रेस पर प्रशासनिक अधिकारों का दुरुपयोग करने और अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया है कि ऐतिहासिक फ्रीडम पार्क परिसर के हिस्से की दीवार को किसी भी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना गिरा दिया गया।
भाजपा ने इस कृत्य को सरकारी धरोहर संपत्ति के अनाधिकृत विनाश का स्पष्ट मामला बताते हुए कार्यक्रम आयोजकों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है ।