BJP बूथ अध्यक्ष पर सांड का हमला- बुरी तरह हडि्डयां चटकने से निकल गई...

बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष पर सड़क पर विचरण करते हुए घूम रहे सांड ने हमला कर दिया। अटैक में बुरी तरह से जख्मी हुए भाजपा बूथ अध्यक्ष को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालन विभाग की मदद से भाजपा बूथ अध्यक्ष की जान लेने वाले सांड को पकड़कर गौशाला भेज दिया गया है।
जनपद बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गजरौला पाईमार मंडल के समीपुर शक्ति केंद्र के पास भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा पर सड़क पर विचरण करते हुए घूम रहे सांड ने हमला कर दिया। सांड के हमले में भाजपा बूथ अध्यक्ष को घायल हुआ देखकर मौके पर जमा हुए लोगों ने लाठी डंडों की सहायता से अटैक करने वाले सांड को घटना स्थल से खदेड़ा और गंभीर रूप से घायल हुए सुरेंद्र कुमार शर्मा को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां अत्यधिक चोटों के कारण उनकी मौत हो गई है।
सांड के अटैक में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत की जानकारी मिलते ही भाजपा अध्यक्ष वरुण आत्रेय मौके पर पहुंचे। जिला मंत्री बलराज त्यागी और ईशम सिंह समेत कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
प्रशासन की ओर से उप जिला अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसडीएम द्वारा पशुपालन विभाग की मदद से हमला कर भाजपा बूथ अध्यक्ष को मौत के घाट उतारने वाले सांड को पकड़वाकर गौशाला भिजवाया गया।
उप जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।