भयंकर सडक हादसा- तीन की मौत- बच्चा और युवक गंभीर

आगरा। जिले के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। हादसे में गंभीर हुए बच्चे और एक युवक को मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार हेतु हॉस्पिटल में एडमिट कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह भीषण हादसा हाईवे पर सतौली कट पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। मृतकों में सास, बहु और पौत्र शामिल हैं। फिरोजाबाद के कश्मीरी गेट क्षेत्र की रहने वाली मुमताज अपने बेटे की पत्नी रुखसार और पोते-पोतियों के साथ राजस्थान के गंगापुर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जा रही थीं। उन्होंने फिरोजाबाद से आगरा कैंट तक पहुंचने के लिए एक प्राइवेट ऑटो रिक्शा किराए पर लिया था। जैसे ही ऑटो रिक्शा सतौली कट के नजदीक पहुंचा, अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा सड़क पर पलट गया।
हादसे में मुमताज उम्र लगभग 55 वर्ष, पुत्रवधु रुखसार उम्र लगभग 30 वर्ष और रुखसार के मासूम बेटे बिलाल की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य बच्चा और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एत्मादपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।