मां लिंगेश्वरी देवी मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार

मां लिंगेश्वरी देवी मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार

कोंडागांव, छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के आलोर झाटीबन की पहाड़ी गुफा में विराजमान मां लिंगेश्वरी मंदिर के कपाट बुधवार सुबह सूर्योदय के समय श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये और रात आठ बजे कपाट अगले एक साल तक के लिए बंद हो जायेंगे।

साल भर प्रतीक्षा के बाद एक दिन के लिए दर्शन का यह दुर्लभ अवसर मिलता है। इसी कारण माता के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर है। मान्यता है कि माता लिंगेश्वरी संतान प्राप्ति का आशीर्वाद देती हैं। निसंतान श्रद्धालु संतान प्राप्ति के बाद माता के प्रति आभार प्रकट करने के लिए खास तौर पर आते हैं। सूर्योदय के बाद रात सात आठ बजे तक सारे श्रद्धालुओं के दर्शन कर लेने के बाद मंदिर का पट बंद किया जाता है।

स्थानीय पत्रकार प्रमोद पोटाई ने बताया कि नुआ खाई के बाद आने वाले पहले बुधवार के सूर्योदय के दिन मंदिर का पट खोला जाता है। पट खोले जाने से पहले माता की पूजा और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयारियां शुरू कर दी जाती है। इस साल लगभग साढ़े तीन सौ सेवक माता के श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयार हैं।

माता लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं ने सोमवार से ही मंदिर के आसपास डेरा डाला हुआ है। मंगलवार की रात तक मंदिर के आसपास दो भक्त आ चुके थे। इस साल लगभग बीस हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

माता के दर्शन के लिए दुर्ग, बालोद, रायपुर, कोंडागांव, बस्तर, केशकाल के अलावा पड़ोसी राज्यों ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। छह स्थानों पर पार्किंग की सुविधा की गई है। एक पार्किंग अति विशिष्ट लोगों के लिए है। वीवीआईपी के साथ कुल छह लोगों को एक बार में दर्शन करने की अनुमति है। अति विशिष्ट लोगों को भी देवी का दर्शन बाहर से ही करने संबंधी नियम बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव ने बताया कि “मंदिर का क्षेत्र जंगल और नक्सल प्रभावित इलाका है, इसलिए सुरक्षा के लिए डीआरजी और छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। करीब 300 लोगों का पुलिस बल और समिति के 250 वॉलेंटियर लगातार ड्यूटी पर लगे हुए हैं।”

Next Story
epmty
epmty
Top