भक्त ने राम मंदिर को दी सोना चांदी व हीरे जड़ी 30 करोड़ की प्रतिमा
अयोध्या। कर्नाटक से बेहद भव्य और बेशकीमती रामलला की प्रतिमा गाड़ी में चलकर अयोध्या पहुंची है, जिसे राम मंदिर कैंपस में जल्द स्थापित किया जाएगा। सोने की चमक वाली इस प्रतिमा में हीरे पन्ने और कई अन्य रत्न जड़े हुए हैं, जिसे एक गुमनाम भक्त ने दान दिया है।
बुधवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ अनिल मिश्रा ने बताया है कि मंगलवार की देर शाम कर्नाटक से एक बेहद भव्य और बेशकीमती प्रतिमा को अयोध्या लाया गया है, 10 फीट ऊंची और 8 फीट चौड़ी इस प्रतिमा को जल्दी ही अयोध्या में रामलला मंदिर कैंपस में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया है कि दक्षिण भारत की शिल्प कला से निर्मित इस बेहद भव्य और बेशकीमती प्रतिमा में हीरे पन्नों के अलावा कई अन्य रत्न जड़े हुए हैं। प्रतिमा की अनुमानित कीमत 25 से 30 करोड़ के लगभग है।
यह प्रतिमा किसने भेजी है? अभी इसका पता नहीं चल पाया है, अयोध्या पहुंची प्रतिमा का वजन कराया जा रहा है, हालांकि अनुमान लगाया गया है कि कर्नाटक से चलकर अयोध्या पहुंची इस बेहद भव्य और बेश कीमती प्रतिमा का वजन लगभग 5 क्विंटल होगा। उन्होंने बताया है कि कर्नाटक से किसी गुमनाम भक्त की ओर से अयोध्या भेजी गई इस प्रतिमा को संत तुलसीदास मंदिर के पास अंगद टीले पर स्थापित किए जाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया है कि स्थापना से पहले प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा, जिसमें देश भर के संतों एवं महंतों को बुलाया जाएगा।


