प्राइवेट प्रैक्टिस पर एक्शन- केजीएमयू का डॉक्टर बर्खास्त

लखनऊ। सरकारी नौकरी के साथ साथ प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर को बर्खास्त कर दिया गया है। रिटायरमेंट के तीन दिन पहले की गई इस कार्यवाही से सरकार से मोटी तनख्वाह हासिल कर प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।
राजधानी लखनऊ में प्राइवेट प्रैक्टिस करने पर किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टर आमोद कुमार सचान को बर्खास्त कर दिया गया है। 15 जुलाई को होने वाले रिटायरमेंट से केवल तीन दिन पहले डॉक्टर के खिलाफ की गई बर्खास्तगी की इस बड़ी कार्रवाई से निजी प्रैक्टिस की तरफ विशेष रूप से अपना ध्यान केंद्रित रखने वाले डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।
बर्खास्त किए गए डॉक्टर के खिलाफ पिछले डेढ़ साल से प्राइवेट प्रैक्टिस तथा निजी संस्था से लाभ कमाने और कई संस्थाओं के बोर्ड आफ डायरेक्टर का हिस्सा होने को लेकर जांच चल रही थी।
बर्खास्त किए गए डॉक्टर के खिलाफ उनकी पत्नी ने भी नकली दवाओं का धंधा करने का मामला दर्ज करवाया था। केजीएमयू कार्य परिषद की बैठक में हुई चर्चा के बाद डॉक्टर की बर्खास्तगी पर मोहर लगाई गई।
बर्खास्त किए गए डॉक्टर ने इस कार्यवाही को दुर्भावना पूर्ण करार दिया है।