बेकाबू हुई सेब भरी पिकअप यमुना नदी में गिरी- गाड़ी में सवार थे चार लोग

टिहरी। जनपद के जौनपुर ब्लॉक के सुमन क्यारी इलाके में हुए हादसे में सेब लादकर जा रहा पिकअप बेकाबू होकर यमुना नदी में जा गिरा। हादसे के दौरान गाड़ी में चार लोग सवार थे, जिन्हें गोताखोरों ने पानी से निकाल कर ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
रविवार को उत्तराखंड में टिहरी जनपद के जौनपुर ब्लाक के नैनबाग क्षेत्र में सुमन क्यारी के समीप हुए हादसे में सेब लादकर ले जा रहा पिकअप बेकाबू होने के बाद यमुना नदी में जा गिरा।
कैंपटी थाना अध्यक्ष महिपाल सिंह ने बताया कि यह हादसा रविवार की सवेरे तकरीबन 6:00 बजे उस समय हुआ जब पिकअप सेब लेकर उत्तरकाशी जनपद के मोरी क्षेत्र से विकास नगर की तरफ जा रहा था।
उन्होंने बताया है कि सुमन क्यारी के समीप पहुंचते ही पिकअप दुर्घटनाग्रस्त होकर सीधे यमुना नदी में जा गिरा। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची राहत टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर पिकअप के साथ यमुना नदी में गिरे चार लोगों को घायल अवस्था में निकालकर ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।