भरभराकर गिरा निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का हिस्सा- मलबे में सात मजदूर..

महाराजगंज। मुख्यालय से तकरीबन 65 किलोमीटर दूर बनाए जा रहे ओवर ब्रिज का हिस्सा भरभराकर जमीन पर गिर गया। हादसे के समय ओवर ब्रिज पर काम कर रहे सात मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जमा लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
महाराजगंज जनपद के फरेंदा कस्बे में बनाए जा रहे ओवर ब्रिज का एक हिस्सा सोमवार की देर रात अचानक से भरभराकर नीचे गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ओवर ब्रिज पर काम चल रहा था।
अचानक से गिरे ओवर ब्रिज के हिस्से के मलबे में मौके पर काम कर रहे सात मजदूर दब गए। मौके पर मची चीख पुकार की आवाज को सुनकर दौड़-धूप करते हुए मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी।

सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया, जहां से दो मजदूरों को गंभीर हालत के चलते गोरखपुर रेफर किया गया है।
यह हादसा कैसे हुआ? इसकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव द्वारा जांच की जा रही है। चार जेसीबी की मदद से ओवर ब्रिज के गिरे हिस्से के मलबे को हटवाया जा रहा है।