जर्जर मकान की छत गिरने से अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही हुई मौत

झुंझुनू, राजस्थान में झुंझुनू जिले के मंडावा थाना क्षेत्र में बुधवार को लगातार हो रही बारिश से एक पुराना मकान गिर गया, जिसके मलबे में दबकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मध्याह्न करीब 12 बजे युवा सभा पुस्तकालय के पीछे स्थित एक मकान की छत अचानक ढह गयी। इससे महबूब (50) इस मलबे में दब गया। छत गिरने की आवाज सुनकर आस पास के लोग आये और महबूब को मलबे से निकालकर अस्पताल ले गये।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वेक्षण कराने की मांग की है। कस्बे और गांवों में कई पुराने मकान हैं, जो बारिश के मौसम में खतरनाक हो जाते हैं। पुलिस ने भी लोगों से बारिश के मौसम में पुराने और असुरक्षित मकानों से दूर रहने का अनुरोध किया है।
Next Story
epmty
epmty