अचानक सड़क पर आये कुत्ते की वजह से चली गई महिला दरोगा की जान

अचानक सड़क पर आये कुत्ते की वजह से चली गई महिला दरोगा की जान

गाजियाबाद। ड्यूटी करने के बाद अपने कमरे पर लौट रही महिला दरोगा की अचानक सामने आए कुत्ते की वजह से जान चली गई है। कुत्ते से बुलेट बाइक के टकराने से बुरी तरह घायल हुई महिला दरोगा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है।


सोमवार को मिल रही जानकारी के मुताबिक महानगर के कवि नगर थाने की शास्त्री नगर पुलिस चौकी पर तैनात 25 वर्षीय महिला दरोगा ॠचा सचान सोमवार की तड़के ड्यूटी समाप्त होने के बाद बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने कमरे पर लौट रही थी।

कोर्ट चौक पर पहुंचते ही अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया, जिसके चलते महिला दरोगा की बाइक कुत्ते से टकरा गई और वह सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने महिला दरोगा को टक्कर मार दी।


सिर में लगी गंभीर चोट के चलते लहूलुहान हुई महिला दरोगा के दुर्घटना ग्रस्त होने की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लहू लुहान हुई महिला दरोगा को सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है।

पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Next Story
epmty
epmty
Top