सिलेंडर विस्फोट में 10 वर्षीय बच्चे की मौत- 12 घायल

सिलेंडर विस्फोट में 10 वर्षीय बच्चे की मौत- 12 घायल

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में विल्सन गार्डन के चिन्नयनपाल्या इलाके में एक संदिग्ध सिलेंडर विस्फोट में 10 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यह दुर्घटना घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में हुई जहाँ घरों की दीवारें एक दूसरे से जुड़ी हैं। अदु गोदी इलाके की पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है। एलपीजी सिलेंडर में रिसाव के कारण विस्फोट होने का संदेह है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।


शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि विस्फोट जिस मकान में हुआ, उसमें तीन सदस्यों वाला एक परिवार किराए पर रहता है। उन्होंने कहा, श्श्दिहाड़ी मजदूर, यह व्यक्ति सुबह-सुबह काम पर चला गया था। उसकी पत्नी और बच्चे घायल हो गए। जिस लड़के की मौत हुई, वह पड़ोस के घर में था। उन्होंने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब 8.30 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता, आतंकवाद निरोधी दस्ता, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा गया।


कम से कम तीन घर पूरी तरह से नष्ट हो गए और छह अन्य आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास के कई घरों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे भी टूट गए। श्री सिंह ने कहा कि जांच जारी है, लेकिन विस्फोट के सही कारण की पुष्टि करना अभी जल्दबाजी होगी।

Next Story
epmty
epmty
Top