कांग्रेस का आंदोलन राजनीतिक बौखलाहट का प्रतीक है- अग्रवाल

कांग्रेस का आंदोलन राजनीतिक बौखलाहट का प्रतीक है- अग्रवाल

भीलवाड़ा, राजस्थान में भीलवाड़ा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद दामोदर अग्रवाल ने कांग्रेस के जन अधिकार आन्दोलन को कांग्रेस की बौखलाहट का प्रतीक बताया है और कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है और हर पीडि़त किसान को फसल खराबे का मुआवजा देगी।

अग्रवाल ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा कि इस महीने के अन्त तक सर्वेक्षण का काम पूरा हो जायेगा। अभी खेतों में भरे पानी का उतरने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि उन्हें पूरा मुआवजा मिल सके।

उन्होंने कहा कि 50 वर्षाें में कांग्रेस सरकार ने जितना मुआवजा किसानों को नहीं दिया है, उससे ज्यादा भाजपा सरकार ने दिया है। अगर एक तिहाई फसल भी खराब हुई है, तो मुआवजा देने की नीति बनायी है और इसमें सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है।

अग्रवाल ने कहा कि गुण्डागर्दी और भ्रष्टाचार से कांग्रेस नेताओं ने महल खड़े कर दिये हैं। उनका किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा सरकार किसानों को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने माना कि इस बार फसल अधिक खराब हुई है। उसका किसानों को पूरा मुआवजा मिलेगा।

अग्रवाल ने कहा कि 19 सितम्बर को होने वाला प्रदर्शन सिर्फ कांग्रेस नेताओं की बौखलाहट का प्रतीक है। किसानों को लेकर मुख्यमंत्री भी गंभीर हैं और मंत्री भी। पिछले दिनों मंत्री यहां आये, तो उन्होंने उसी समय फसल खराबी की गिरदावरी के निर्देश दिये। अब सितम्बर तक रिपोर्ट सरकार को भेज दी जायेगी। पिछले साल के बकाया मुआवजे को लेकर भी सरकार गंभीर है और जल्दी ही इसका भुगतान किया जायेगा। उन्होंने कांग्रेस की मांगों को बेतुका बताया।

Next Story
epmty
epmty
Top