सपा ने भाजपा विधायक को भेजा कानूनी नोटिस- मानहानि के मुकदमें...

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टोंटी चोरी करने का आरोप लगाने वाली भारतीय जनता पार्टी की विधायक को कानूनी नोटिस जारी कर उनसे सार्वजनिक और लिखित रूप से माफी मांगने को कहा है। अन्यथा 5 करोड़ के मानहानि के दावे की वार्निंग दी गई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को टोंटी चोर बताते हुए उनके ऊपर टोंटी चोरी का आरोप लगाने वाली भारतीय जनता पार्टी की विधायक केतकी सिंह को समाजवादी पार्टी की ओर से कानूनी नोटिस भेजा गया है।
समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया ने भाजपा विधायक को नोटिस भेजकर उनसे 15 दिन के भीतर अपने आरोपों को लेकर सार्वजनिक और लिखित रूप से माफी मांगने को कहा है।
नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई है कि माफी नहीं मांगने पर 5 करोड रुपए का मानहानि दावा किया जाएगा।
उल्लेखनीय कि भारतीय जनता पार्टी की विधायक केतकी सिंह ने इसी महीने की 3 सितंबर को बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा था कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री आवास से टोंटियां उखाड़ कर ले गए थे।
नोटिस में कहा गया है कि भाजपा विधायक का यह बयान पूरी तरह से झूठ, दुर्भाग्यपूर्ण और मानहानि कारक है। इस बयान को सुनियोजित तरीके से अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए दिया गया है।