शीतलहर में भाजपाइयों का जोश हाई-पुष्पवर्षा कर प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राजधानी लखनऊ पहुंचे केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का एयरपोर्ट पर शीतलहर के बावजूद कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट इलाका ढोल नगाड़ों के अलावा बैण्ड बाजों की आवाज से गूंजता रहा। शनिवार को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का लखनऊ आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान ढोल नगाड़ों और बैण्ड बाजों की धुन पर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन करने वाले कार्यकर्ताओं ने नृत्य भी किया। पुष्प वर्षा के बीच की गई नारेबाजी के दौरान पूरे एयरपोर्ट परिसर में उमड पड़े भाजपाइयों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया, स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री संजय राय और भाजपा नेता नीरज सिंह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि राजधानी पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आज संगठनात्मक बैठकों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रणनीति तैयार करेंगे।


