चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका- छह बार के विधायक ने छोड़ा साथ

पटना। राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आयाराम गयाराम का सिलसिला शुरू करते हुए छह बार के विधायक ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। दलित चेहरे के तौर पर पहचाने जाने वाले छह बार के विधायक जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गए हैं।
रविवार को बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार अशोक राम ने हाथ का साथ छोड़कर बड़ा झटका दिया है।
अशोक राम ने आज राजधानी पटना में जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम लिया है। जनता दल यूनाइटेड के दफ्तर में पहुंचे अशोक राम ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
कांग्रेस का हाथ छोड़ने वाले छह बार के विधायक अशोक राम बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी थे, इसके अलावा वह बिहार सरकार में मंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता भी रह चुके हैं।
जेडीयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उन्हें जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण कराई है। इस अवसर पर राज्य सरकार के संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे।