बिहार चुनाव से पहले JDU को झटका - यह नेता RJD में शामिल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का दामन थाम लिया है।
आपको बता दें कि बिहार की राजनीति में गुरुवार, 10 अक्टूबर 2025 को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पूर्णिया के पूर्व सांसद और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता संतोष कुशवाहा ने दोपहर करीब 2 बजे जेडीयू से इस्तीफा देकर आरजेडी में शामिल होने का ऐलान कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी में लगातार अनदेखी और संगठन में भूमिका न मिलने से नाराज चल रहे कुशवाहा ने यह कदम उठाया है। उनका सीमांचल इलाके में मजबूत जनाधार माना जाता है, खासतौर पर कुशवाहा समुदाय में उनका प्रभाव काफी है।
आरजेडी ने उनके शामिल होने को एक रणनीतिक कदम बताया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सीमांचल क्षेत्र में कुशवाहा समाज का समर्थन पाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण रहेगा।
जेडीयू के भीतर इस घटनाक्रम से हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि संतोष कुशवाहा के जाने से पार्टी को सीमांचल में संगठनात्मक नुकसान हो सकता है। वहीं, आरजेडी ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी सियासी जीत के रूप में देखा है।
संतोष कुशवाहा 2014 में पूर्णिया से सांसद रह चुके हैं और नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने जेडीयू में संगठनात्मक पदों पर भी काम किया, लेकिन हाल के महीनों में पार्टी नेतृत्व से उनकी दूरी बढ़ गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका आरजेडी में जाना सीमांचल के वोट समीकरणों को बदल सकता है, जिससे जेडीयू के लिए चुनावी चुनौती और बढ़ेगी।