बोले कांग्रेस नेता-आर्टिकल 370 कश्मीर के लिए थी बड़ी समस्या- हटने के

नई दिल्ली। विदेश मंत्री रहे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाने के फैसले की सराहना करते हुए कहा है कि आर्टिकल 370 कश्मीर के लिए एक बड़ी समस्या थी, जिसके हटने के बाद जम्मू कश्मीर में अब खुशहाली आई है।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा निर्दोष पर्यटकों पर अंजाम दिए गए आतंकी हमले के जवाब में इंडियन आर्मी की ओर से पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक की बाबत जानकारी देने के लिए विदेश गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के फैसले की सराहना करते हुए आर्टिकल 370 को जम्मू कश्मीर के लिए एक बड़ी समस्या बताया।
उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 की वजह से आम तौर पर धारणा बन गई थी कि कश्मीर देश के बाकी हिस्से से अलग है और यह सरकार की सोच में भी झलकता था। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि वर्ष 2019 में जम्मू कश्मीर के भीतर से आर्टिकल 370 हटने के बाद कश्मीर के अलग होने की धारणा खत्म हो गई है। आर्टिकल 370 हटने के बाद हुए इलेक्शन में 65% लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया। अब कश्मीर में एक चुनी हुई सरकार है।उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग कश्मीर में आर्टिकल 370 की फिर से बहाली चाहते हैं, ऐसे लोग जम्मू कश्मीर के दुश्मन है जो वहां पर खुशहाली देखना नहीं चाहते हैं।