मुंबई में ब्लास्ट कर करोड़ों की जान लेने की धमकी देने वाला लगा हाथ

नोएडा। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अलग-अलग गाड़ियों में मानव बम लगाकर धमाका करते हुए करोड़ों की जान लेने की धमकी देने वाले को पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। लश्कर ए जिहादी नाम के संगठन का जिक्र करते हुए पकड़े गए व्यक्ति ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजा था।
शनिवार को मिल रही जानकारी के मुताबिक लिख मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से ब्लास्ट की धमकी देकर करोड़ों की जान लेने का दावा करने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से बिहार के रहने वाले 50 वर्षीय आरोपी अश्विन कुमार सुप्रा की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के नोएडा से की गई है।
लश्कर ए जिहादी नाम के संगठन का जिक्र करते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजने वाले व्यक्ति के उस फोन और सिम कार्ड को भी पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया है, जिसका इस्तेमाल धमकी देने में किया गया था।
मुंबई पुलिस नोएडा से पकड़े गए आरोपी को लेकर अब मुंबई जा रही है जहां धमकी के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी देते हुए दावा किया गया था कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 गाड़ियों में 34 मानव बम लगाए गए हैं, जिनके विस्फोट से पूरी माया नगरी के साथ मुंबई दहल जाएगी।
लश्कर ए जिहादी होने का दावा करने वाले इस संगठन की और से कहा गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं।